तीन दिन से बादल और बारिश से बढ़ी गलन


उन्नाव। मौसम ने करवट बदली तो नैनीताल यहीं नजर आने लगा। बरसात के साथ सर्द हवाओं का नजारा। सड़कें भींगी और बादलों के आगोश में समूचा इलाका। तीन दिन की सर्दी और बरसात यही एहसास करा रही है। तीन दिन से सूर्य की किरणें धरती तक नहीं पहुंची। सर्द हवाओं से गलन बढ़ी तो लोग घरों में दुबके रहे। सर्दी ने मुंशी प्रेम चंद्र के किताब में लिखी पौष की रात की याद दिला दी। शायद उस समय भी सर्दी कुछ ऐसी ही रही होगी। सर्दी से हर को बचता नजर आ रहा था। किसी ने रजाई का सहारा लिया तो किसी ने अलाव का। सर्दी में कहीं हिल स्टेशन घुमने जाने की जरुरत भी नहीं है। क्योंकि वह नजारा तो तीन दिन से यहीं दिख रहा है। लोग इसे इंज्वाय भी कर रहे हैं। साल की शुरुआत शनिवार एक जनवरी को हुई तो मौसम खुशगवार हो गया। मंदमंद हवाएं और रिमझिम बारिश के बीच लोग घरों से निकले और खूब आनंद लिया। एक सप्ताह बीतने होने को है। सर्दी पूरे रौ में है। शुक्रवार सुबह भी मौसम ठीक था, गरम कपड़ों में लिपटे हुए लोग जरूरी काम से ही घरों से निकल रहे हैं। घर के अंदर और बाहर दोनों जगह सर्दी का खास असर रहा। कमरे में गलन रही तो बाहर सर्द हवाएं शूल की तरह चुभी। युवाओं के लिए सर्दी का मौसम मौज मस्ती भरा रहा तो बुजुर्गों के लिए कष्टकारी। शनिवार को अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.