महोबा जा रहे UP कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और विधान मंडल दल की नेता आराधना मिश्रा को कानपुर से लौटाया।

कानपुर:- कानपुर के एसपी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाने वाले क्रशर कारोबारी की मौत के बाद महोबा जा रहे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू व विधान मंडल दल की नेता आराधना मिश्रा को पुलिस ने घाटमपुर चौराहे पर रोक लिया। आगे जाने की जिद पर अड़े प्रदेश अध्यक्ष और विधान मंडल दल की नेता को पुलिस ने बढ़ने नहीं दिया। सभी को पुलिस जबरन गेस्ट हाउस ले गई, जहां कांग्रेसियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। घंटों बाद पुलिस प्रशासन ने महोबा में हालात सामान्य होने के बाद जाने की अनुमति का भरोसा दिलाया, जिसके बाद प्रदेश अध्यक्ष समर्थकों को लेकर वापस चले गए।


प्रदेश में आपराधिक घटनाओं को लेकर कांग्रेस सरकार पर लगातार हमलावर है। इसी क्रम में सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष विधान मंडल दल की नेता के साथ दिवंगत क्रशर कारोबारी इंद्रजीत त्रिपाठी के परिवार से मिलने महोबा जा रहे थे। प्रदेश अध्यक्ष का काफिला जैसे ही घाटमपुर पहुंचा, चौराहे पर पुलिस ने उन्हेंं रोक लिया। पुलिस ने आगे जाने से मना किया तो प्रदेश अध्यक्ष जाने की जिद पर अड़ गए। पुलिस ने आलाधिकारियों द्वारा अनुमति न दिए जाने का हवाला दिया तो वह धरने पर बैठ गए। पुलिस ने उन्हेंं उठाया तो धक्कामुक्की शुरू हो गई। पुलिस ने उन्हेंं आगे जाने नहीं दिया और सभी को गेस्ट हाउस ले गई। यहां पर समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी और प्रशासन के मान मनौव्वल के बाद भी वह मानने को तैयार नहीं हुए। लेकिन, पुलिस ने भी उन्हें आगे नहीं जाने दिया। काफी देर वार्ता के बाद प्रशासन ने भरोसा दिया कि महोबा में हालात सामान्य होने के बाद वहां जाने की अनुमति दी जाएगी। इस आश्वासन पर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समर्थकों के साथ वापस लौट गए।

लल्लू ने कहा, प्रदेश में सरकारी अधिकारी व अपराधियों का गंठजोड़।

प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि प्रदेश में सरकारी अधिकारी व अपराधियों का गठजोड़ है। लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। किसी जनप्रतिधि को दुखदर्द में शामिल होने जाने से रोककर सरकार व प्रशासन ने अलोकतांत्रिक कार्य किया है। विधायक आराधना मिश्रा बोलीं, कांग्रेस भाजपा सरकार के उत्पीडऩ से न दबेगी न झुकेगी। अराजकता और पुलिस के दम पर सरकारी गुंडागर्दी का कांग्रेस सड़क पर डट कर मुकाबला करेगी। उत्तर प्रदेश में जंगलराज कायम है। किसी की जान की कोई कीमत नही है। लाठी के दम पर दमन कर जनता की आवाज को दबाया जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.