कलेक्ट्रेट के अधिकारियों व कर्मचारियों का भी कोरोना टेस्ट किया गया है। इसमें डीएम राकेश कुमार मिश्र की रिपोर्ट निगेटिव आई

अंबेडकर नगर : कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच कलेक्ट्रेट के अधिकारियों व कर्मचारियों का भी कोरोना टेस्ट किया गया है। इसमें डीएम राकेश कुमार मिश्र की रिपोर्ट निगेटिव आई है। दूसरी ओर जिला चिकित्सालय के चीफ फार्मासिस्ट विनय त्रिपाठी की पत्नी व छोटा बेटा स्वस्थ होकर घर लौट आए हैं। फार्मासिस्ट के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद परिवारीजन भी संक्रमित हो गए थे। अब सभी स्वस्थ हो गए हैं। दूसरी ओर मेडिकल टीमों का नमूना संकलित करने का अभियान जारी रहा। इसमें अकबरपुर ब्लॉक के दो गांव से तथा लोहिया भवन में सरकारी और निजी बैंकों के कर्मचारियों का नमूना एकत्र किया गया। वहीं स्वस्थ होने वालों की संख्या में भी इजाफा हुआ है, जिले में अब महज सात एक्टिव केस ही हैं और 125 संक्रमित पूरी तरह से स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं। हालांकि जिला अस्पताल के सीएमएस समेत चार लोगों की जान भी जा चुकी है।
कलेक्ट्रेट में एसडीएम के पॉजिटिव मिलने के बाद जिलाधिकारी ने मंगलवार देर शाम को जिला चिकित्सालय में ट्रूनॉट मशीन से कोरोना जांच कराई तो उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई। वहीं अन्य अधिकारियों का नमूना लखनऊ जांच के लिए गया है। बुधवार को लोहिया भवन में बैंक कर्मियों को नमूना एकत्र किया गया। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आशुतोष सिंह ने बताया कि सभी सरकारी कार्यालयों में काम करने वाले कर्मचारियों का नमूना अनिवार्य रूप से लिया जाएगा। बताया कि बुधवार को 330 लोगों का नमूना भेजा गया है। इसमें 70 नमूने जिला चिकित्सालय से एकत्र किए गए हैं यहां पर 55 मरीजों की स्क्रीनिग की गई। सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि एसडीएम का हालत ठीक है उनका इलाज मेडिकल कॉलेज में किया जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.