सवा करोड़ से बने गो संरक्षण केंद्र का विधायक ने किया लोकार्पण

अंबेडकर नगर। आलापुर तहसील क्षेत्र के अखलासपुर गांव में सवा करोड़ की लागत से बनकर तैयार हुए वृहद गो संरक्षण केंद्र का सोमवार को लोकार्पण हुआ। विधायक अनीता कमल ने हवन-पूजन कर केंद्र का लोकार्पण किया। कहा कि प्रदेश सरकार छुट्टा मवेशियों को लेकर गंभीर है। किसानों की फसलों को छुट्टा मवेशियों से नुकसान न हो इसके लिए ही सरकार ने यह निर्णय लिया है। उन्होंने किसानों से अपने मवेशियों को न छोड़ने की भी सलाह दी। कहा कि किसानों की आय में बढ़ोत्तरी के लिए पशुपालन बेहतर माध्यम है। किसानों को इस तरफ ध्यान देना चाहिए।
विधायक अनीता कमल ने कहा कि वृहद गो संरक्षण केन्द्र के बन जाने से किसानों को इससे काफी राहत मिलेगी। छुट्टा मवेशियों से अब किसानों की फसलों को नुकसान होने से बचाया जा सकेगा। जिले के अलग अलग क्षेत्रों में सरकार इसका निर्माण करा रही है। सवा करोड़ की लागत से बने इस केंद्र पर 200 से अधिक मवेशियों को रखा जा सकेगा।
उन्होंने किसानों से पशुपालन को बढ़ावा देने का आह्वान किया। कहा कि कई बार शिकायत आती है कि जो पशु दूध देना बंद कर देते हैं तो किसान मनमाने तरीके से पशुओं को छोड़ देते हैं। इस तरह करना गलत है। इससे न सिर्फ किसान अपना नुकसान करते हैं, बल्कि दूसरे किसानों को भी नुकसान पहुंचाते हैं। ऐसे में जरूरी है कि किसान पशुपालन को बढ़ावा दें। अवर अभियंता हरिकृष्ण ने बताया कि इस केंद्र पर चार टिनशेड बने हैं। इसके अलावा चारा रखने आदि की व्यवस्था की गई है। पेयजल की भी बेहतर व्यवस्था है। इस मौके पर सीडीओ अनूप कुमार श्रीवास्तव, एसडीएम भरतलाल सरोज, अधिशाषी अभियंता शंकर्षणलाल, एई सिद्घार्थ सिंह आदि मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.