सीएम योगी ने कहा है कि संयम, सजगता, जागरुकता से महामारी के खिलाफ लड़ाई को सफल बनाएं

हमें आगे भी कर्फ्यू के लिए तैयार रहना होगा

 (शिब्ली रामपुरी/मीडिया रिपोर्ट/)

 जनता कर्फ्यू के बारे में अभी तक जो समाचार आ रहे हैं वह यह है कि जनता कर्फ्यू पूरी तरह से सफल है जनता ने इसमें अपनी ओर से पूरा सहयोग दिया है।

 सहारनपुर और उसके आसपास के कस्बों में भी जनता कर्फ्यू पूरी तरह से सफल है।
रविवार सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक उत्तर प्रदेश में मेट्रो रेल, रोडवेज बसें और सिटी ट्रांसपोर्ट सेवाएं पूरी तरह बंद हैं। पेट्रोल पंप भी सुबह 7 से रात 9 बजे तक बंद रहेंगे। हालांकि, इमरजेंसी सेवाओं से जुड़े लोगों को फ्यूल भराने की छूट रहेगी। राजधानी लखनऊ के हजरतगंज और गोमती नगर में दुकानें बंद हैं। राजधानी के 57 प्रमुख चौराहों पर पुलिसबल तैनात है। पुलिस जगह-जगह लोगों को कोरोना से जुड़े जरूरी निर्देश दे रही है। वाराणसी, मेरठ और आगरा में भी सड़कों पर सन्नाटा पसरा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में हैं, वे यहीं से अधिकारियों को निर्देश दे रहे हैं। शाम 5 बजे गोरखधाम मंदिर से घंटी बजाकर हौंसला बढ़ाएंगे। योगी ने कहा है कि संयम, सजगता, जागरुकता से महामारी के खिलाफ लड़ाई को सफल बनाएं। कोरोना हारेगा- भारत जीतेगा। प्रदेश में कोरोनावायरस के 27 केस सामने आए हैं। इनमें से 11 ठीक हो चुके हैं। हमें आगे भी कर्फ्यू के लिए तैयार रहना होगा।

 लखनऊ के हजरतगंज की सभी दुकानें बंद है। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के अलावा सड़क पर एक-दो लोग ही दिखे। गोमतीनगर में सभी दुकानें बंद हैं। लोहिया चौराहे पर भी सन्नाटा है। हालांकि, लोहिया पथ पर गाड़ियों की कुछ चहल-पहल दिखी। रविंद्र पल्ली जाने वाली सड़क पूरी तरह खाली। राजधानी के 57 प्रमुख चौराहों पर पुलिसबल तैनात है। पुलिस कमिश्नर ने जगह-जगह पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
 वाराणासी में विश्वनाथ मंदिर के आसपास केवल सुरक्षाकर्मी नजर आए। बैजनत्था मंदिर के पास रथ यात्रा मार्ग पर सभी दुकानें बंद मिलीं। सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। हालांकि, दूध-दवा और अन्य जरूरी समानों के लिए कुछ दुकानें खुली हैं।

 गोरखपुर में जनता कर्फ्यू का असर पूरी तरह से देखने को मिल रहा है। यहां के गोलघर चौराहा पर आम दिनों में सबसे ज्यादा भीड़ होती है। लेकिन आज पूरी तरह की दुकानें बंद है। रविवार अक्सर ये मार्केट बंद रहती है। फिर चहल पहल जरूर रहती है। लेकिन कभी भी इस तरीके से बंद का असर नहीं दिखा।
 मेरठ में भी जनता कर्फ्यू का असर दिखाई दिया। यहां कैंट, आबूलेन मार्केट, रेलवे रोड, यूनिवर्सिटी रोड आदि जगहों पर सन्नाटा पसरा है। सुबह 7 बजे तक लोगों ने अपने सभी जरूरी काम निपटा लिए।

ताजनगरी आगरा में सुबह 7 बजे से सन्नाटा पसरा है। यहां के जनक पार्क, भगत सिंह पार्क और कन्हैया पार्क में लोग मॉर्निंग वॉक के लिए आते हैं। लेकिन आज सूना पड़ा हुआ है। रेलवे, बस स्टेशन पर इक्का दुक्का लोग ही नजर आए। चाय-पान की दुकानें बंद हैं।
झांसी में कोरोना से बचाव के लिए लोग घरों में कैद हैं। झांसी रेलवे स्टेशन सूना पड़ा है। स्टेशन पर लगे पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए कोरोना वायरस से बचाव की जानकारी दी जा रही है। बाजार, मंडियों में सन्नाटा है। झांसी के साथ पड़ोस के जनपद बांदा, हमीरपुर, जालौन में भी जनता कर्फ्यू का असर देखने को मिल रहा है।

मुंबई. जनता कर्फ्यू के दौरान पुणे के मांजरी इलाके में सड़के सूनी पड़ी है, सड़कों पर सिर्फ इक्का-दुक्का लोग ही नजर आ रहे हैं। आम दिनों में यहां पर 7:00 बजे के बाद काफी भीड़ होती है। इसके अलावा पेट्रोल पंप पर भी खाली पड़े हैं। यहां सिर्फ पंप कर्मचारी ही खड़े नजर आ रहे हैं। वहीं शहर के हड़पसर इलाके की बात करें तो यहां के सभी पेट्रोल पंप बंद है। बस स्टैंड पर भी सन्नाटा पसरा है। सभी बसें खड़ी हुई हैं। आम दिनों में यहां सुबह 5 बजे से ही आवाजाही शुरू हो जाती है। इंडस्ट्रियल हब कहलाने वाला पुणे का मगरपट्टा इलाका भी सूना पड़ा है। पुणे के सीजन मॉल के बाहर भी सन्नाटा पसरा है, यह मॉल 4 दिनों से बंद है। वहीं मुंबई स्टेशन पर सिर्फ खाली चल रही लोकल ट्रेनों की और अनाउंसमेंट की आवाज आ रही है लेकिन यात्री एक भी नहीं दिखाई दे रहा है।

 दिल्ली पुलिस ने लोगों को फूल देकर घरों से न निकलने को कहा

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.